Thursday, 14 June 2018

'फादर्स एंड संस' - तब्सिरा

मैं स्वर्ग की ओर तभी आँख उठा कर देखता हूँ, जब मुझे छींकना होता है,”  -बज़ारोव (फादर्स एंड संस)
किताब-फादर्स एंड संस, लेखक-इवान तुर्गनेव
पिछले दस दिनों से कामू (‘द फॉल’ और ‘द मिथ ऑफ़ सिसीफस’) और पी.डी ऑस्पेंसकी (Tertium Organum) को पढ़ने में इतना उलझा रहा कि ‘तब्सिरा’ लिखने का ख्याल ही नहीं आया| ‘द फॉल’ पढ़ने के बाद सोचा था कि इसके बारे में लिखूं, लेकिन अगले ही दिन कामू की दूसरी किताब ‘द मिथ ऑफ़ सिसीफस’ शुरू कर दिया, और फिर उसमे इतना खो गया कि लिखने का कोई होश ही न रहा| इसके अलावा इन दिनों फेसबुक पर प्रश्नों के उत्तर देने में भी काफी समय खर्च हो जा रहा था| इसीलिए कुछ दिनों से लिखना हो नहीं पा रहा था| और इस सब के अलावा मेरे साथ ‘निरंतरता’ की समस्या हमेशा से रही है| मेरे लिए हर चीज़ का एक मौसम होता है| कभी मुझ पर घूमने का भूत चढ़ता तो फिर घूमने के अलावा कुछ और नहीं सूझता है| फिर कभी पढ़ने का सुर चढ़ता फिर दिन-रात एक करके पढ़ने में जुट जाता हूँ| इसी तरह कभी जब लिखने का मौसम आता है, दिन भर खोपड़ी में लोल बजने लगता है, उठते, बैठते, जागते, सोते, सदिखन लिखने का ही धुन सवार रहता है| और फिर कभी जब फिल्म देखने के पीछे पगलाता हूँ, तो फिर एक दिन में चार-चार, पांच-पांच फिल्म देख देता हूँ| इसी तरह कभी ग़ज़ल सुनने, शेर पढ़ने, और योग करने का भी भूत चढ़ता है| सब चीज़ का ज्वर मौसम की तरह आता जाता रहता है, कुछ भी ज्यादा दिन नहीं टिकता है, और अगर कभी जबरदस्ती किसी टिकाने की कोशिश करता हूँ, तो घुटन होने लगती है| फिर, वो सुख मिलना बंद हो जाता है, जो सहज प्रवाह में बहने से मिलता है| इसीलिए आज तक मैं अपनी जिंदगी में कोई भी ढंग का काम नहीं कर पाया(ऐसा मेरे आस-पास वाले लोग मुझे कहते हैं), चला बहुत लेकिन पहुंचा कहीं नहीं| लेकिन मैं पूछता हूँ वे लोग लो लकीर के फ़कीर बने एक ही राग को हमेशा आलापते रहते हैं, वे कहाँ पहुँच गए हैं? मेरी दृष्टि में निरंतरता प्रकृति के अनुकूल नहीं है, प्रकृति सीधी लकीर पकड़ कर नहीं चलती है| यहाँ सब कुछ एक वर्तुल में घूमता है, इसीलिए लकीर पीटने वालों को मैं मुर्ख मानता हूँ| कहीं पहुँचने के लिए जो चलता है, वो सिवाय कब्र के कहीं और नहीं पहुंचता है| जीवन सूफियों की दरवेशी नृत्य की तरह है, सिर्फ गोल-गोल घूमना है, घूमने में ही आनंद है| दरवेशी इस लिए नहीं घूमता है कि घूम कर उन्हें कहीं पहुंचना है, नहीं कहीं पहुंचना नहीं है, बस घूमने में आनंद आ रहा है| जो कोई भी कहीं पहुँचने की भाषा में सोचेगा वो कभी नाच ही नहीं पाएगा| इसीलिए पढ़े लिखे और सभ्य लोग नाच नहीं पाते हैं| आदिवासीयों को देखिये कैसे आग के चारो ओर गोल-घूम-घूम कर नाचते हैं| गोल-गोल घूमने में बड़ा सुख है, छोटे बच्चे को देखिए जब भी वे मौज में आते हैं, गोल-गोल घूमने लगते हैं| बच्चों को छोड़िये अपने चाँद और सूरज को देखिए, अनंत काल से ये गोल-गोल घूम रहे हैं| इस जगत में जो भी सुन्दर है, वो या तो गोल है या गोल घूम रहा है| सिर्फ चैत का गधा और आदमी सीधा चलने पर जोर देता है|
इस जगत में जो भी सुन्दर है, वो सब वर्थ है, उनकी कोई उपयोगिता नहीं है| पोएट्री की क्या उपयोगिता है? संगीत की क्या उपयोगिता है? अगर रवीन्द्रनाथ गीतांजलि नहीं भी लिखते तो क्या नुकसान हो जाता? आज मैं आपसे जिस किताब के बारे में बात करने जा रहा हूँ, उसका एक चरित्र जिसकी बुद्धि उपयोगितावादी है, एक जगह कहता है, A good chemist’s twenty times more useful than a poet. बात बिलकुल सही है, तर्कसंगत है| एक कवि से समाज को क्या फायदा है? लेकिन फिर भी हम जानते हैं, कि जीवन सिर्फ रोटी कपड़ा और मकान का नाम नहीं है, ये सब जिंदा रहने के लिए ज़रूरी है, जीने के लिए नहीं| और जिंदा रहने और जीने में ज़मीन आसमान का भेद है| सो, इसी भेद को समझने में इतने दिनों से मैं मुब्तिला था| आज फेसबुक पर एक मित्र ने याद दिलाया कि काफ़ी दिनों मैं कुछ नहीं लिख रहा हूँ, तो सोचा एक किताब जिसके बारे में बहुत दिनों से आपसे बात करना चाह रहा था, उसी के बारे में आज लिखूं|
देख कर प्यार होना, या फिर देखते ही प्यार हो जाना, या पहली नज़र में प्यार हो जाना, यह सब तो आपने निश्चित ही सुना होगा, इन फैक्ट कभी-न-कभी अनुभव भी किया होगा, लेकिन ‘किसी के बारे में सिर्फ सुन कर प्यार हो जाना’, यह थोड़ा रेयर मामला है, है कि नहीं? मैंने नहीं कहता कि ऐसा नहीं होता है, होता है, अगर नहीं होता, तो मुझे कैसे हो जाता, मैं बस इतना कह रहा हूँ कि कम होता है| ‘तुर्गनेव की किताब ‘फादर्स और संस’ के बारे में मैंने 2006 में सुना था, और मुझे सुनते ही इस किताब इसे प्यार हो गया था| और बिना पढ़े ही मैंने इस किताब को अपने पसंदीदा किताबों की लिस्ट में शामिल कर लिया था| हवा देकर अपने कई दोस्तों को यह किताब खारीवा भी दिया था| जब मैंने दिल्ली में था तो ऐसा खूब किया करता था, जो किताब मुझे पढ़ना होता था, उसकी इतनी तारीफ करता था कि मेरे दोस्तों में से कोई न कोई उसे ज़रूर खरीद लेता था| और फिर बाद में मैं उससे किसी बहाने से लेकर पढ़ता था| अक्सर तो ये होता था कि समझ न आने की वजह से वो ख़ुद ही किताब मुझे दे जाता था| किताबों के मामले में मैं बहुत ही फरेबी हूँ| मैंने बहुत सी किताबों की चोरी की है| किताबों को लेकर मैं किसी भी स्तर तक गिर सकता हूँ| इसीलिए ज़रा सतर्क रहिएगा, आँख मूँद कर तब्सिरा मत पढिएगा, हो सकता कि बिना पढ़े ही मैं किताबों की रिव्यु लिख रहा होऊं| दो चार रिव्यु(तब्सिरा) पर तो मुझे ख़ुद ही शक़ है| बहुत संभावना है कि मैंने उन किताबों को नहीं पढ़ा है| जैसे, टॉलस्टॉय की ‘रेज़रेक्शन’ और दोस्तोवस्की की ‘द इडियट’ इन दोनों किताबों के बारे में मुझे कुछ भी याद नहीं है कि इनमे क्या लिखा है| बहुत संभावना है कि मैंने इन दोनों किताबों को नहीं पढ़ा है, क्योंकि ऐसा हो नहीं सकता है कि आपने कोई किताब पढ़ी हो और उसमे क्या लिखा है, ये आपको बिलकुल भी पता न हो| इसी तरह मुझे अज्ञेय की ‘नदी के द्वीप’ और ऑस्पेंसकी की ‘'इन द सर्च ऑफ़ मिरैक्युलस' पर भी शक है|  
खैर, क्या सच है क्या झूठ है इसका फैसला मैं आप पर छोड़ता हूँ, क्योंकि मुझे कुछ भी ठीक से याद नहीं है| आज जिस किताब की बात मैं आपसे कर रहा हूँ, उसे मैंने लास्ट इयर ही पढ़ा था, इसीलिए मुझे ठीक-ठीक याद है कि किताब में क्या लिखा है(अभी तक मैं किताब को तीन बार पढ़ चुका हूँ)| किताब में एक जगह लिखा है, “Young people when they are frequently together as friends tend constantly to have identical thoughts.” जब इस पंक्ति को पढ़ा था तो मुझे मेरे भाई गोविन्द की याद आ गई थी| बचपन में हम दोनों के साथ यह खूब होता था| हमें हैरानी होती थी कि हमारे विचार इतने क्यों टकराते हैं| विचार तो विचार हम दोनों बीमार भी साथ-साथ पड़ने लगे थे| उन दिनों यह सब जादू जैसा लगता था, लेकिन अब समझ आ रहा है कि यह सब 24 घंटे साथ रहने की वजह से होता था| साथ रहना बड़ा संक्रमणकारी होता है, कई बार आप देखेंगे कि पति-पत्नी, या फिर प्रेमी-प्रेमिकाओं की शक्लें में साथ रहने के कारण एक जैसी दिखने लगती है| कामू ने अपनी किताब ‘अजनबी’ में यहाँ तक लिख दिया है कि एक आदमी जो आठ साल से अपने कुत्ते के साथ रह रहा था, उसकी शक्ल उसके कुत्ते से मिलने लगी थी|
            “I have already told you that I don’t believe in anything.”
किताब में एक जगह जब तुर्गनेव ये कहते हैं, “Is there anything more attractive in the world than a pretty young mother with a healthy child in her arms?” तो पता नहीं कितनी लड़कीयों की याद आई मुझे| अब तक मुझे लगता है था कि शादी के बाद शायद साड़ी पहनने की वजह से लड़कियां सुन्दर लगने लगती है, लेकिन अब याद आया कि शादी के बाद मुझे वो ही लड़कियां सुन्दर लगी थीं, जो माँ बन गई थी| माँ बनने के बाद हर स्त्री अभूतपूर्व रूप से सुन्दर हो जाती है|
“A nihilist is a man who doesn’t acknowledge any authorities, who doesn’t accept a single principle on faith, no matter how much that principle may be surrounded by respect.”
किताब के बारे में आपसे ज्यादा कुछ नहीं कहूँगा क्योंकि पहले ही इस ब्लॉग पर मैं किताब के नायक बज़ारोव के बारे में काफी बार बात कर चुका हूँ| यह किताब हर उस व्यक्ति को पढ़ना चाहिए जो किसी का बाप है, या फिर किसी का बेटा है| रूसी लेखकों की मैंने अब तक जितनी भी किताबें पढ़ी है, उनमे यह किताब सब अधिक सरल(इजी रीड) है| ‘फादर्स एंड संस’ एक मात्र किताब है जिसे एक साल में मैं 3 बार से अधिक बार पढ़ चुका हूँ| एक यह किताब और दूसरा बच्चन की मधुशला मैं कभी भी लेकर बैठ जाता हूँ| मधुशाला को मैं 2000 से पढ़ रहा हूँ, आज तक नहीं उबा, इसी तरह इस किताब को भी मैं कितनी बार भी पढ़ सकता हूँ|
      “Death may be an old joke, but for each of us it’s as new as ever.”
पुनश्च- किताब को पढ़ने के बाद यदि आप कभी मुझसे मिलते हैं, तो आपको ऐसा नहीं लगेगा कि आप मुझसे पहली बार मिल रहे हैं|


इक्क्यु केंशो तजु 

Tuesday, 5 June 2018

'क्राइम एंड पनिशमेंट'-तब्सिरा

कार्ल-चेपाक की एक कहानी है- आखिरी फैसला| उसमे कगलर नाम का एक ‘मुजरिम’ जब मरने के बाद दूसरी दुनिया की अदालत में पेश किया जाता है, तो उसने ज़िन्दगी में जो-जो कुछ किया था उसका ब्योरा उसके सामने रखा जाता है| ब्योरा सही है, वो इंकार नहीं करता| लेकिन वो सब कुछ क्यों हुआ, जब वो इसकी तफसील देना चाहता है, तो उसकी सुनवाई नहीं होती| ब्योरे की तस्दीक के लिए एक गवाह को तलब किया जाता है, और कगलर देखता रह जाता है कि जो अजीबोगरीब व्यक्ति वहां गवाही देने के लिए आता है, उसके नीले चोगे में आसमान के सितारे जड़े हुए हैं, और उसके चेहरे पर कोई इलाही नूर है कि वहां के मुनसफ भी उसके स्वागत में एक बार खड़े हो जाते है, और फिर उस इलाही व्यक्ति को गवाह के कठघरे में खड़ा करते हैं, और कहते हैं- ‘यह मुकदमा बहुत उलझा हुआ है, हालाँकि जो भी हादसे इस व्यक्ति के हाथों हुए उनमें किसी संदेह की गुंजाइश नहीं है| लेकिन यह व्यक्ति बार-बार कहे जाता है कि वो बेगुनाह है| इसलिए खुदावंद! एक तुम हो जो परम सत्य हो, इसलिए तुम्हे बुलाया गया है- गवाही देने के लिए...
और वो गवाह कहना शुरू करता है- ‘यह कगलर अपनी माँ को इतना प्यार करता था कि उसे किसी तरह व्यक्त नहीं कर पाता था| इसीलिए यह बचपन से इतना जिद्दी हो गया कि माँ पर जब भी कोई ज्यादती की जाती, यह बाप से उलझ जाता था| इतना कि यह छोटा बच्चा हों के कारण जब एक बेबसी महसूस करता तो अपने दांतों से बाप की अँगुलियों को काट खाता....
तीनो मुनसिफ गवाह को टोक देते हैं; कहते हैं- खुदावंद, यह माँ से इतना प्यार करता था, हमें इसकी गवाही नहीं चाहिए, हमें तो यह बताओ कि इसने पहला जुर्म किसी के बाग़ से फूल तोड़ने का किया था या नहीं?
गवाह मुस्कुरा देता है, कहता है- वो फूल तो इसने एक इरमा नाम की प्यारी सी लड़की को देने के लिए तोड़े थे| वो इसे बेहद अच्छी लगती थी... वो इसके दिल में प्राणों की तरह बस गई थी...
कलगर जल्दी से पूछता है- खुदावंद! इरमा कहाँ चली गई, यही तो मुझे कभी पता नहीं चल सका...
ख़ुदा बताता है- तुम तो गरीब थे, इसलिए इरमा का विवाह मिल मालिक के लड़के से कर दिया गया, जिसे गुप्त रोग था, और इसी वजह से जब इरमा का हमल गिर गया तो वह भी बच नहीं सकी, मर गई थी...
अदालत के मुंसिफ ख़ुदा को फिर टोक देते हैं| "हमें यह सब तफसील नहीं चाहिए- हमें यह बताइए कि कगलर कब से शराब पीने लगा और बुरी सांगत में पड़ गया?"
ख़ुदा फिर मुस्कुराता देता है; कहता है- "इसका एक दोस्त था, जो जलसेना में भर्ती हो गया, और समुन्द्र की दुर्घटना में उसका जहाज डूब गया, और वो मर गया, और यह हताश होकर गलत लोगों की संगत में पड़ गया, और गारिबल नाम के एक शराबी के घर आने-जाने लगा| उसकी एक बेटी थी मेरी, जिससे यह प्यार करने लगा, लेकिन मेरी को पैसा कमाने के लिए उसके बाप ने एक ऐसी जलील जिंदगी में ढाल दिया था कि वो जवानी में ही मर गई, और मरते हुए उसका ही नाम लेकर पुकारती रही..."
मुंसिफ लोग खीझ-से उठते है, कहते हैं- "इस वाकयात का मुकदमे से कोई ताल्लुक नहीं, खुदावंद करीम! हमें यह बताइए कि इसने कितने क़त्ल किए?"
ईश्वर कहता है- "शहर में जब दंगा हुआ तो इसके हाथों पहला क़त्ल हुआ था| इसने जान-बूझकर नहीं किया था, पर इसके हाथों हुआ था| फिर जब इसे जेल में डाला दिया गया और वहां इसे यातनाएं दी गई तो इसके मन में वो दुःख ऐसा पकने लगा कि जेल से छूटने पर जब इसने एक लड़की से मुहब्बत की, और वो बेवफ़ा साबित हुई तो इसने उस लड़की का कत्ल कर दिया..."
और इस तरह कार्ल चेपाक की कहानी, हर घटना की गहराई में उतरती चली जाती है, और जब वो मुंसिफ आपना फैसला लिखने के लिए एक अलग कमरे में जाते हैं, तो कलगर ख़ुदा से पूछता है- "खुदावंद ! यह क्या हो रहा है? मैंने तो समझा था कि इस दूसरी दुनिया में तुम ख़ुद मुंसिफ होगे और ख़ुद फैसला सुनाओगे| लेकिन यहाँ भी..."
उस वक़्त ख़ुदा की मुस्कुराहट ग़मगीन हो जाती है और वो कहता है- फैसला सिर्फ वो लोग दे सकते हैं, जो अधूरा सच जानते हैं| मैं तो पूरा सच जानता हूँ| और पूरा सच जानने वाला इस तरह से फैसले नहीं देता....
“I wanted to become a Napoleon, that is why I killed her... Do you understand now?- Crime and Punishment
‘क्राइम एंड पनिशमेंट’ का नायक राम भी है और रावण भी| और दोस्तोवस्की राम को रावण से  और रावण को राम से अलग करने के लिए कहीं भी अस्पष्ट लकीर नहीं खीचते है| दोस्तोवस्की अपने पत्रों को कभी भी किसी छवि में कैद नहीं करते हैं| उनकी किताब में न तो कोई खलनायक होता है, और न ही कोई नायक| दोस्तोवस्की मनुष्य के मन को समझते है, वे जानते हैं कि मनुष्य बहुचितवान है, उसे किसी छवि के साथ कैद करना न्याय नहीं है| इसीलिए ‘ब्रदर्स करमाज़ोव’ हो या ‘क्राइम एंड पनिशमेंट’, कहीं भी आप यह तय नहीं कर पाएँगे कि कौन सही था और कौन गलत| अपने पात्रों के साथ जितना न्याय दोस्तोवस्की कर पाते है, उतना और किसी ने नहीं किया है| सभी लेखक पक्षपातों और अपने समूह की मान्यताओं से बंधे होते हैं| हर कोई अपने चश्मे से चाँद को देखता है, और अपने ढंग से उसकी व्याख्या करता है| लेकिन दोस्तोवस्की नंगी आँख से खुले आसमान के नीचे खड़े हो कर चाँद को देखते हैं, और फिर चाँद उनसे जो भी कहता है, उसे लिख देते हैं| दोस्तोवस्की की अपनी कोई मान्यता नहीं है, उनके पात्र स्वतंत्र हैं| इसीलिए सत्य के जितने क़रीब दोस्तोवस्की आ पाते हैं, उतना कोई दूसरा नहीं आ पता है| दोस्तोवस्की को पढ़ना बेघर होने जैसा है| जिस ज़मीन पर आप अभी खड़े हैं, उसे दोस्तोवस्की आपके पैरों के नीचे से खींच लेंगे| दोस्तोवस्की को पढ़ना एक अनंत खाई में गिरने जैसा है|
‘क्राइम एंड पनिशमेंट’ दोस्तोवस्की की सबसे प्रसिद्ध कृति है| आप अगर गूगल पर दुनिया के सबसे लोकप्रिय उपन्यासों की सूचि ढूंढेंगे, तो उसमे प्रथम दस में ‘क्राइम एंड पनिशमेंट’ का नाम आता है| बहुत ही सरल कृति है, कहानी समझने मैं आपको कहीं कोई दिक्कत नहीं होगी| पात्र भी ज्यादा नहीं हैं, इसीलिए नाम याद रखने में भी ज्यादा झंझंट नहीं होती है| रूसी उपन्यास पढ़ने में सबसे अधिक दिक्कत नाम याद करने की ही होती है| अगर आप दुनिया के बेहतरीन साहित्यों से अभी तक परिचित नहीं हैं, तो ‘क्राइम एंड पनिशमेंट’ आपके के लिए सबसे उपयुक्त किताब है| आप यहाँ से शुरुआत कर सकते हैं| लेकिन शुरुआत को अंत मत मान लीजिएगा, ‘क्राइम एंड पनिशमेंट’ में जिस बीच को दोस्तोवस्की ने रोपा है, वह ‘ब्रदर्स करमाज़ोव’ में वृक्ष बनता है, ‘दी इडियट’ में उसमे फूल लगते हैं, और ‘नोट्स फ्रॉम अंडरग्राउंड’ उस फूल की सुवास है| 

पीछे मैंने आपसे लियो टॉलस्टॉय एक किताब ‘रेज़रेक्शन’ की बात की थी| उस किताब में टॉलस्टॉय एक जगह लिखते हैं, “यह एक आम मान्यता है कि दुनिया में दो तरह के लोग होते हैं- अच्छे और बुरे| जो अच्छा है वह हमेशा अच्छा है, और जो बुरा है वह हमेशा बुरा है| लेकिन यह मान्यता भ्रांत है| बुरे से बुरा आदमी भी हमेशा बुरा नहीं होता है, और अच्छे से अच्छा आदमी भी हमेशा अच्छा नहीं होता है| इन फैक्ट, आदमी न तो अच्छा होता है और न ही बुरा, वह बस आदमी होता है|” इसी चीज़ को लओत्जु दूसरे ढंग से कहते हैं, “तारीफ़ और निंदा दोनों इंसान को पाखंड की ओर धकेलता है| जब तुम किसी से कहते हो, “आप अच्छे हैं”, तो तुम उसे अच्छाई से बाँध रहे हो, अब तुम्हारी नज़र में अच्छा बने रहने के लिए वह पाखंड का सहारा लेगा| इसी तरह जब तुम किसी से कहते हो, “आप बुरे हैं”, तब तुम उसे बुराई से बाँध देते हो| एक बार जब कोई व्यक्ति किसी ‘छवि’ से बंध जाता है, तो उसे कायम रखने के लिए वह पाखंड का सहारा लेने लगता है|’’ एक बार जब हम किसी व्यक्ति को किसी छवि से बाँध कर देख लेते हैं, तो फिर उसे छवि से परे देखने में हमें परेशानी होनी लगती है| जैसे अगर कोई हमसे यह कहने लगे कि रावण उतना बुरा नहीं था जितना हम उसे बारे में सोचते है, और राम उतने भी अच्छे नहीं जितना हम उन्हें मानते हैं, तो हमें परेशानी होने लगती है, हम असहज होने लगते हैं| हम ऐसा मान कर चलते हैं कि राम सदा अच्छे थे, और रावण सदा बुरा था| लेकिन यह मान्यता सही नहीं है| कोई भी राम हमेशा अच्छा नहीं होता है, और न ही कोई रावण हमेशा बुरा होता है| लेकिन हम ऐसा मान कर चलते है, इसीलिए हम फिर राम की गलतियों और रावण के पुण्यों पर लीपापोती करने लगते हैं| हम राम की कहानी में से उन सब बातों को हटा देते हैं, जिससे हमारी अच्छे की मान्यता को चोट पहुँचती हो, और रावण की कहानी में उन सब बुराइयों को भी जोड़ देते हैं, जो रावण में कभी था भी नहीं| हमारी सभी कहानियां अतिशयोक्तियों से भरी पड़ी है|
लेकिन हम इन तथ्यों को कभी भी स्वीकार नहीं कर सकते हैं| क्योंकि इन को स्वीकार करते ही हमारी न्याय व्यवस्था ख़त्म हो जाएगी| क्योंकि जिसको हम बुरा कह रहे हैं, वह अगर हमेशा बुरा नहीं है, और जिसको हम अच्छा कह रहे हैं, हमेशा अच्छा नहीं है, तो फिर सज़ा कैसे देंगे? सज़ा देने के लिए यह सिद्ध कर देना अत्यंत आवश्यक है कि बुरा हमेशा बुरा है, और अच्छा हमेशा अच्छा है|
लेकिन अगर अच्छा, अच्छा नहीं है, और बुरा, बुरा नहीं है, और हम इस तथ्य को स्वीकारते हैं, तो हमें अपने कथा-कहानियों को फिर से लिखना पड़ेगा| फिर हमें इस कहावत को बदलना पड़ेगा कि ‘सत्यमेव जयते’, यह कहावत झूठ है, मामला बस इतना है कि जो भी जीतता है उसे सत्य मान लिया जाता है| क्योंकि वस्तुतः न तो इस जगत कुछ सत्य है, और न ही झूठ- सब व्याख्या है| एक ‘तथ्य’ की व्याख्या हज़ार तरीके से की जा सकती| जिस तर्क से हम राम को भगवान सिद्ध करते हैं, और रावण को राक्षस उसी तर्क से इससे उल्टा भी सिद्ध किया जा सकता है| सारे तर्क बेठुआ होते हैं| इसीलिए कोई भी मान्यता कभी भी सार्वभौमिक नहीं हो सकती है| पूरी दुनिया किभी भी किसी आदमी को एक मत होकर कभी न तो अच्छा मान सकती है, और न ही कभी बुरा| अगर दुनिया में राम, कृष्ण, महावीर और बुद्ध को पूजने वाले लोग हैं, तो ऐसे भी लोग हैं जो रावण, कंस, हिटलर और तैमूर को पूजते हैं| किसी खास समुदाय में ही किसी को अच्छा या बुरा माना जा सकता है| इसीलिए हर व्यक्ति अपने हिसाब के समूह के साथ रहना पसंद करता है| और एक समूह का व्यक्ति हमेशा दूसरे समूह के लोगों को गलत मान कर चलता है| अगर हमारे समूह में शादीशुदा और पतिव्रता स्त्री को सही माना जाता है, तो इस दुनिया में ऐसे समूह हैं जिसमे वेश्याओं को सही माना जाता है, और शादीशुदा स्त्री को नीच और चरित्रहीन समझा जाता है| ऐसे में आप कैसे तय कर सकते हैं कि कौन सही है, और कौन गलत? हमारे पास सही और गलत को तय करने का एक ही पैमाना है और वो है भीड़| हमारी मान्यता है कि अधिक लोग जिस मत में मानते हैं वह सही है| लेकिन यह मान्यता बिलकुल ही भ्रांत है| क्योंकि ऐसे लोग हैं जो यह सिद्ध करने पर अमादा हैं कि अधिक लोग सिर्फ उन्ही चीज़ों को मानते हैं जो बिलकुल ही नासमझी की है| वे भीड़ की तुलना भेड़ से करते हैं| उनके अनुसार भीड़ हमेशा अंधानुकरण में जीती है|
सब के पास अपनी-अपनी दलीलें हैं, सब के पास अपनी-अपनी मान्यताएं हैं| इसीलिए जिसको भी आप गौर से सुनेंगे वही आपको सही लगने लगेगा| सभी मतों के लोगों ने ऐसी व्यवस्था कर रखी है उनके समूह का व्यक्ति किसी और समूह की बात को गौर से न सुने| इसीलिए सब भोपूं लगा कर अपनी गुणगान और दूसरों की निंदा करने में लगे रहते हैं|
दोस्तोवस्की, कामू, चेपक, काफ्का और टॉलस्टॉय को पढ़ना नए पाठकों के लिए बहुत ही हिलाने वला अनुभव हो सकता है| इन लोगों का संबंध किसी समूह से नहीं है, ये मान्यताओं में नहीं मानते हैं| ये मनुष्य को उसकी पूरी विराटता और संभावनाओं के साथ स्वीकार करते हैं, उसे किसी छवि में कैद नहीं करते हैं| दोस्तोवस्की ख़ुदावंद है जो सिर्फ गवाही देते हैं, फैसला करने का काम वे पाठकों पर छोड़ देते हैं| लेकिन बिडम्बना यह है कि इनको पढ़ने के बाद पाठक किसी भी निर्णय पर पहुँचने की स्थिति में रह नहीं जाता है| जिसने एक बार ख़ुदावंद को सुन लिया, उस का ख़ुदा हो जाना तय है| यही तो तुलसी कहते हैं, “झूठेउ सत्य जाहि बिनु जानें। जिमि भुजंग बिनु रजु पहिचानें॥ जेहि जानें जग जाइ हेराई। जागें जथा सपन भ्रम जाई॥“
      Crime? What crime? He cried in sudden fury. ‘That I killed a vile noxious insect, an old pawnbroker woman, of use to no one !... Killing her was atonement for forty sins. She was sucking the life out of poor people. Was that a crime? - Crime and Punishment


-इक्क्यु केंशो तजु 

Thursday, 31 May 2018

‘दिये की आख़िरी दीप्ती’-तब्सिरा

किताब का नाम- नदी के द्वीप, लेखक- हीरानंद सचिदानंद वात्सायन ‘अज्ञेय’

“संतान को पढ़ा-लिखा कर फिर अपनी इच्छा पर चलाना चाहने का मतलब है स्वयं अपनी दी हुई शिक्षा-दीक्षा को अमान्य करना, अपने को अमान्य करना, क्योंकि बीस बरस में माँ-बाप संतान को स्वतंत्र विचार करना भी न सिखा सके तो उन्होंने क्या सिखाया?”- नदी के द्वीप

काफी दिनो से मैं ‘नदी के द्वीप’ बारे में लिखना चाह रहा था, लेकिन कोई सिरा ही नहीं मिल रहा था कि बात कहाँ से शुरू करूँ| टॉलस्टॉय, दोस्तोवस्की, कामू और काफ्का की किताबों के बारे में लिखना मेरे लिए सहल है, लेकिन अज्ञेय के बारे में बात करना मेरे लिए ख़ुद के बारे में बात करने जैसा है| किसी के बारे बात करने के लिए थोड़ी दूरी चाहिए होती है| थोड़ा फालसा चाहिए, अवलोकन करने के लिए| अज्ञेय और ख़ुद के बीच मैं इंच भर का भी फासला नहीं पाता हूँ| और अपने बारे में बात करने में आदमी हमेशा ही बड़ा असहज महसूस करता है|

       “तुम मुखातिब भी हो और क़रीब भी, तुम को देखूं कि तुमसे बात करूँ”

जैसे ही अज्ञेय के बारे में कुछ लिखता हूँ, वैसे ही ऐसा महसूस होने लगता है कि जैसे अज्ञेय से मेरी दूरी बढ़ रही, और मैं बेचैन होने लगता हूँ, फिर लिखना बंद कर देता हूँ| इसी कशमकश में चार दिन से रोज़ लिख-लिख कर मिटाता रहा हूँ| कल तो मैंने यह तय किया कि अभी ‘तब्सिरा’ नहीं लिखूंगा, कुछ दिन पढ़ने पर जोर देता हूँ, फिर कभी लय बंधा तो लिखना शुरू करूँगा| लेकिन कल एक मित्र ने एक कहानी भेज दी, उस कहानी को पढ़ने के बाद, बिना लिखे रह नहीं पा रहा हूँ| कहानी ने जैसे भीतर कोई झरोखा खोल दिया हो, द्वन्द के सारे बादल छंट गए हैं, और खिड़की के सलाखों के उस पार अज्ञेय पूर्णिमा की चाँद की तरह चमक रहे हैं| मैं खिड़की के इस तरफ खड़ा हूँ, और अज्ञेय उस तरफ से मुझे आवाज़ दे कर बुला रहे है, “इधर मेरे पास आओ, आओ आकाश को छूते हैं, उसका व्यास नापते हैं”| उनके इसी निमंत्रण को स्वीकार करके मैंने लिखने का निर्णय लिया है| क्योंकि मैं चाहता हूँ, आप भी मेरे साथ आए और अज्ञेय की ऊँगली पकड़ कर आकाश की सैर करें, उसको छुएँ, और उसके व्यास को नापें|  

इससे पहले कि मैं आपसे ‘नदी के द्वीप’ के बारे में कहूँ, मैं आपको वह कहानी सुना दूँ, जिसे पढ़ कर यह सब घटना घटी है| कहानी- डिप्रेशन से ग्रस्त व्यक्ति एक बड़े डाक्टर के पास गया| डाक्टर ने उसकी जांच की और पाया कि उसे कुछ भी नहीं है | डाक्टर बोला, मुझे तुम्हारे शरीर में कुछ भी गलत दिखाई नहीं पड़ता, और मैं तुम्हें किसी दवा का सुझाव नहीं दूँगा| बल्कि शहर में एक प्रसिद्ध कॉमेडियन ग्रिमाल्डी का कॉमेडी शो हो रहा है, तुम वह देखने चले जाओ| कॉमेडी शो में जी भर के हंसो| यदि तुम हंस सको तो तुम्हारी सारी उदासी, सारा विषाद, सारा डिप्रेशन गायब हो जाएगा| और उसका असर तुम पर किसी भी दवा से ज्यादा गहरा होगा क्योंकि तुम्हारे शरीर में कुछ भी गलत नहीं है| तुम केवल एक चीज भूल गए हो, और वह यह है कि कैसे हंसा जाए| तुम हंसने की भाषा ही भूल गए हो| और वह यह कि कैसे हंसा जाए| तुम्हें यह भाषा फिर से सीखनी  होगी| तुम्हें किसी उपचार की जरूरत नहीं है| बस ग्रिमाल्डी के शो में जाओ और हंसों| वह व्यक्ति बोला,  "अरे मैं ही तो ग्रिमाल्डी हूं"|

“मैं जागती हूँ कि सोती हूँ? तुम हो, कि स्वप्न हो? मुझे लगता है कि मैं जागती हूँ, जाग कर तुम्हे देखती हूँ, और आश्वस्त हो कर सो जाती हूँ| लेकिन शायद सोती हूँ सोते में देख कर जाग उठती हूँ...”- नदी के द्वीप

इस कहानी को पढ़ते ही मुझे एकदम से समझ आया कि वो क्या था, जो अज्ञेय के बारे में मैं कहना चाह रहा था, और नहीं कह पा रहा था| और इसी वजह से इतने दिनों से ‘तब्सिरा’ लिख नहीं पा रह था| ‘अज्ञेय ग्रिमाल्डी नहीं हैं, और हमारे 99 फीसदी लेखक, कवि, और कलाकार ग्रिमाल्डी हैं| बस यही भेद है, अज्ञेय और दूसरे लेखकों में| अज्ञेय दुःखवादी नहीं हैं| ना ही कामू और दोस्तोवस्की की तरह जीवन उनके लिए ‘absurd(बेहूदा) है| अपने समसामयिकों की तरह अज्ञेय बुद्ध के पहले आर्य सत्य ‘जीवन दुःख है’ पर खुट्टा गाड़ कर नहीं बैठे हैं| अज्ञेय बुद्ध के दूसरे, तीसरे और चौथे आर्य सत्य से भी भलीभांति परिचित हैं| और इसीलिए मेरा अज्ञेय से मेल बैठता है|

“भविष्य की बात नहीं सोचनी चाहिए-वर्तमान ही सब-कुछ है, भविष्य केवल उसका एक प्रस्फुटन है| सोचने को तो हम बहुत कुछ सोचते हैं, पर जब जांच कर के देखते हैं तो यही मानना पड़ता है कि हाँ, वर्तमान ही सब-कुछ है|” –नदी के द्वीप

वे लेखक जो बचपन में अपनी दादी और नानी से कहानी सुन कर बड़े होते हैं, वे कभी भी अच्छे लेखक नहीं बन सकते हैं| अच्छा लेखक वही हो सकाता है जिसने अपने बाप से कहानी सुनी हो, असली कहानी बाप, दादा और नाना के पास होती है, नानी और दादी के पास नहीं| जिनको बचकानी कहानियां पढ़नी और सुननी हो, अज्ञेय उनके लिए नहीं है| और चूँकि अज्ञेय ग्रिमाल्डी नहीं हैं, इसीलिए फूहड़ बातें करके न तो उन्हें अपना गम ग़लत करना है, और न ही आपका| अज्ञेय मनोभंजन के लिए लिखते हैं, मनोरंजन के लिए नहीं| इसीलिए लिए उनकी कहानी ‘केवल बौद्धिक रूप से व्यस्कों के लिए’ है|

“जीवन एक बार का वरण नहीं है, वह अनंत वरण है; प्रत्येक क्षण हम स्वीकार और परिहार करते चलते हैं” – नदी के द्वीप

हिंदी जानने की सर्थकता इसी में है कि आपने ‘नदी के द्वीप’ पढ़ी हो| अगर आपने अभी तक यह किताब नहीं पढ़ी है, तो हिंदी जानने का कोई मतलब नहीं है| फिर अभी तक आप हिंदी के सिर्फ अपशब्दों से परिचित हैं, शब्द को आपने अभी तक नहीं जाना है|
‘नदी के द्वीप’ पढ़ते समय दो तीन बातों का ख़ास ध्यान रखें, तभी आप इस किताब का पूरा आनंद ले सकते हैं| पहला यह कि इस किताब को किसी पहाड़ पर पढ़े| अज्ञेय ने अपना ज्यादातर लेखन पहाड़ों में बैठ कर ही किया है, इसीलिए उनकी कहानी में एक विशालता है, जो पहाड़ों से उसमें आई है| बंद कमरे में आप इस उपन्यास को नहीं पढ़ सकते हैं, अगर आपने कोशिश की तो मारे घुटन के आपकी जान भी जा सकती है| दूसरा जब भी किताब पढ़ने बैठें कॉफ़ी का मग साथ लेकर बैठे| कॉफ़ी और पहाड़ दो सहयोगी शर्तें हैं, इनको पूरा करके ही आप किताब को पढ़, समझ और आत्मसात कर सकते हैं| तो, अगली बार, जब कभी शिमला, मनाली, या फिर नैनीताल जाना हो, तो यह किताब साथ लेते जाइएगा|

-इक्क्यु केंशो तजु 


'I don't enjoy earning money.'(Old office diary)

Date- 20/02/2014, Place- Mumbai 

"If I was drowning in the ocean and had to choose just one novel out of all the millions of novels in the world, I would choose Anna Karenina. It would be beautiful to be with that beautiful book. It has to be read and read again; only then you can feel it, smell it, and taste the flavour. It is no ordinary book." -Osho

For some days, I have just been watching movies, first watched 'Zindagi Na  Milegi Dobara, then, 'Do Bigha Zameen', and today I finished watching 'Godfather-II', last part is yet to be watched. 
 Watching movie is not possible in the office, so I keep reading something or the other. These days I have been reading 'Anna Karenina' by Leo Tolstoy. It's such a huge novel, almost 800 pages, but I have come to love this novel; it's very dramatic and intense. Anna, the main protagonist in the novel, is very vivacious; she is full of life and supremely beautiful. Now I know why Osho loved this novel so much. This novel is a work of art, each line makes you think and think deeply, it goes deep inside you. 
   “He stepped down, trying not to look long at her, as if she were the sun, yet he saw her, like the sun, even without looking.” ― Leo Tolstoy, Anna Karenina
   
                                                     'Anna Karenina' by Leo Tolstoy
In the office, I am not being given new work; my boss has not been turning up to the office for many days, only God knows what he is up to..!! I fear I may lose my job. Though I am bored with what I am doing, yet I would like to stay at my job for sometimes. A part of me always keeps telling me to leave the job and take rest for some months. Since 2002, I have been very busy, earlier I was busy with my study, then work. Now, I need some gape, and I think now I can have some free time, as I don't have any major responsibility on my shoulder. 

I am very much aware of the fact that it's time to make money, I am not supposed to take rest at this age. But I don't know why I don't enjoy earning money. My sir is not keeping well, he has asked me to write biographies on his behalf and has offered me 50% of the amount he gets for a bio, but I am not writing. I have plenty of free time; I come back home around 7 in the evening and sleep around 2 at night, I can easily complete a bio in two or three days, but only Jesus knows why I don't write. 

In all its likelihood, on 8th of the coming month, I will go to my native place; I am looking forward to going there. It's been really long, since Nepal I have not visited my family. 

These days everything is going smoothly barring my job, however, I am not very much worried about it. 

Sometimes I do get upset because of sir's ill health. Whenever I go to see him I feel immense pain in my heart. 

Lately, I have observed that I have developed escaping tendency. I never pay my bills on time. I always pay them after due day with late charges. In the office, I never complete my work before the deadline, unless I feel 'now I will be fired from the job', I don't submit my work.' I carry the same attitude with many things. I always keep contradicting myself. Sometimes, I say 'I want this, but in the same breath, I say I don't want it.' I am never sure and certain about what I want and what I don't want. Most of the time, I feel restless for no known reason. I have developed devil may care attitude with so many things. 

                                                      This is it....enough for today. 

Sunday, 27 May 2018

“द आउटसाइडर’


              किताब का नाम- द आउटसाइडर, लेखक- अल्बर्ट कामू
               “My mother died today. Or maybe yesterday, I don’t know.”- The outsider
अलबर्ट कामू पिछली सदी के उन चंद ख़तरनाक लोगों में से एक हैं, जिनको पढ़ना और जिनसे बचना दोनों ही बहुत ज़रूरी है| लेकिन समस्या यह है कि यह दो काम एक साथ संभव नहीं है| अगर आप इनको पढ़ते हैं, तो इन से बचना क़रीब-क़रीब असंभव है| क़रीब-क़रीब इसलिए कह रहा हूँ, क्योंकि कुछ हैं जिनकी बुद्धि भैंस की चमड़ी जितनी मोटी होती है, (ये भेंस की चमड़ी वाली बात बचपन में माँ मेरे लिए इस्तेमाल में लाती थी) ऐसी मोटी बुद्धि वाले लोग, पढ़कर भी बच सकते हैं| बांकी जो थोड़े भी समझदार और चेतनावान हैं, उन के लिए बचना बहुत ही मुश्किल है|
                             “Mama often said that no one is ever really entirely unhappy.”
कामू की द आउटसाइडर’ 120 पेज की एक बहुत ही पतली किताब है| किताब को बड़े आराम से एक दिन में पढ़ा जा सकता है, कहनी बिलकुल सरल और सीधी है| लेकिन इसको पचाने में आपको सालों लग सकते हैं| और अगर ग़लती से आप इसे नहीं पचा पाए, तो पहले यह नासूर बनेगा, फिर नासूर से कर्क रोग, और अंत में आप केंसर से मर जाएंगे| तो, इसे पढ़ने से पहले अच्छे से सोच विचार कर लेना जरूरी है| नहीं तो आपकी स्थिति सांप छुछुंदर जैसी हो जाएगी| अगर पचा लिया, तो आप एक ऐसे व्यक्ति हो जाएंगे, जिस तरह के व्यक्तियों से आपके माता-पिता बचपन में आपको हमेशा दूर रहने के लिए कहते थे| और अगर नहीं पचा पाए, तो कैंसर जैसी असाध्य बीमारी से आपकी मौत होगी|

कामू का मर्सो बहुत ही ख़तरनाक आदमी है| सामने माँ की लाश पड़ी है, और वह रोने-धोने के बजाए सिगरेट फूंक रहा है| 24 घंटे भी माँ को जलाए नहीं हुए हैं, और वह स्विमिंग पूल में अपनी गर्ल फ्रेंड के साथ रंगरलियां मना रहा है, “Gentlemen of the Jury, just after his mother’s death, this man went swimming, began a casual affair and went to see a comedy. I have nothing more to say.” लेकिन इस सब का यह अर्थ नहीं है कि मर्सो अपनी माँ से प्यार नहीं करता है| नहीं वह अपनी माँ से उतना ही प्यार करता है, जितना कोई भी बेटा अपनी माँ से कर सकता है, “I undoubtedly loved Mama very much, but that didn’t mean anything. Every normal person sometimes wishes the people they love would die.” मर्सो वहां से बोल रहा हैं, जिसको जुंग ने स्टोरहाउस ऑफ़ कांशसनेसकहा है| यह वह जगह है, जहाँ आप दिन तो क्या रात सपने में भी जाना पसंद नहीं करते हैं|
                                                “Everything is true and nothing is true.”
द आउटसाइडरकामू की कालजयी रचना है| कामू का मर्सो मेरे लिए बिलकुल भी अजनबीनहीं है| साहित्य संसार में, कामू की द स्ट्रेंजर/आउटसाइडरपढ़ने से पहले, मर्सो के अलावा दो और लोगों को, मैं बहुत पहले से जानता था, जो मर्सो की तरह आउटसाइडर हैं| एक तुर्गनेव का बज़ारोव और दूसरा दोस्तोवस्की का रस्कोलनिकोव | तुर्गनेव का बज़ारोवमेरे सबसे अधिक पसंदीदा साहित्य चरित्रों में से एक है| रस्कोलनिकोव को में समझ सकता हूँ, इन फैक्ट उसे अच्छे से समझता हूँ, फिर भी उसमे कुछ ऐसा है जो मेरे लिए दस्तरस नहीं है| मेरी पूरी सहानुभूति उसके साथ नहीं है| बज़ारोव के साथ मेरी समानुभूति है, उसके साथ मैं 100 फीसदी राज़ी हूँ|
निज़ी ज़िन्दगी में भी, मैं मर्सो और बज़ारोव से बहुत ही अच्छे से परिचित हूँ| लेकिन आपके लिए किताब 10000 वोल्ट का झटका हो सकता है| इसीलिए जरा संभल कर| ‘तब्सिरापढ़ कर झट से आर्डर मत दे दीजिएगा| इस किताब को पढ़ने के बाद कई लोगों का दिमागी संतुलन बिगड़ चुका है| एक महानुभाव, जिनका नाम कामेल दाउद है, का दिमाग किताब पढ़ कर इतना सटक गया कि इन्होने इस किताब के खिलाफ एक पूरी किताब लिख दी| इसलिए ज़रा संभल कर, बहुत कठिन है डगर पनघट की| किताब का हैंगओवर महीनो तक आप पर हावी रह सकता है| एक बार दोस्तोवस्की की ब्रदर्स करमाज़ोवपढ़ते-पढ़ते मुझे ही ऐसा लगने लगा था कि कहीं मैं ही पागल ना हो जाऊं(क्या पता हो ही गया होऊं)| दोस्तोवस्की और कामू एक ही स्कूल से आते हैं| अतः दोनों, आपको सच में पागल कर सकते हैं| कामू एक बहुत ही ख़तरनाक दार्शनिक हैं, उनका दर्शन ईश्वर के इर्दगिर्द नहीं घूमता है| ईश्वर इत्यादि के बकवास में वे ज्यादा उत्सुक नहीं है| उनके लिए जीवन में एक ही मूलभूत समस्या है, आत्महत्या करें या ना करें?” इसीलिए अगर आपको जीवन पर पकड़ बनाए रखनी हो, तो कामू से थोड़ी दूरी बना कर रखिये|
“I have never truly been able to regret anything. I was always preoccupied by what was about to happen, either today or tomorrow.”
अगर आपको अपनी घर-गृहस्थी, और रोजगार ठीक ढंग से चलाना है, और किसी जोम्बी की तरह घिसट-घिसट कर मर जाना है, तो मैं यहाँ आपको उन लोगों के नामों की लिस्ट दे रहा हूँ, जिनसे मिलना तो दूर, आपको उनके आसपास भी नहीं फटकना चाहिए| दोस्तोवस्की(दइडियट और ब्रदर्स करमाज़ोव और नोट्स फॉर्म अंडरग्राउंड), तुर्गनेव (फादर्स एंड संस), कामू (द आउटसाइडर), हक्सले (आइलैंड), एलन वाट्स (दी बुक), टॉलस्टॉय (रेज़रेक्शन) और काफ्का (कहानियां), ये वो सात लोग हैं, जिन से आपको हमेशा बच कर रहना चाहिए| अगर ग़लती से भी कभी आप इनके चपेटे में आ गए, तो फिर धोबी के गधे की तरह, आप ना तो घर के रह जाएंगे, और ना ही घाट के| इस लिस्ट में दो और नाम हैं| ये दोनों भस्मासुर भारतीय हैं| मैंने जानबूझ कर इन दोनों महाभूपों का नाम लिस्ट में शामिल नहीं किया है| क्योंकि, ये दोनों लॉरेन हार्डी, उन लोगों के लिए हैं, जो अपना आमूल विनाश यानि सर्वनाश चाहते हैं| ये दोनों उनके लिए हैं, जिनके इंतजार में कबीर बीच गाँव में खड़े होकर कह रहे हैं, कबीरा खड़ा बाजार में लिए लुकठी हाथ जो घर बारे आपना चले हमारे साथ| ये उन फ़कीरों के लिए हैं, जिनकी घर फूंकने की तैयारी है, आई मौज फकीर की, दिया झोपड़ा फूंक"| जो एक बार घर छोड़ कर निकला तो फिर मुड़ कर नहीं देखा| ये उनके लिए लिए हैं जिनके कुल में अब कोई रोने धोने के लिए भी नहीं बचा,राम विमुख अस हाल तुम्हारा। रहा न कोउ कुल रोवनिहारा
        “Even in the dock, it is always interesting to hear people talk about you.” -The outsider
अगर आप ख़ुद का नामोंनिशान हमेशा-हमेशा के लिए मिटाने के लिए आमादा हों, तो मैं आपको उनका नाम बता सकता हूँ| इन फैक्ट अभी ही बता देता हूँ, शुभ कार्य में विलंब क्यों? एक हैं मैरून माफ़िया के सरगना धार्मिक आतंकवादी ओशो’, और दूसरे हैं धर्म के ब्रह्मास्त्र जिद्दु कृष्णमूर्ति| ये दोनों वो तीर्थ हैं, जहाँ से नाहा कर कोई वापिस नहीं लौटता| ये दोनों काल के गाल हैं, एक बार अगर आप इनमे प्रवेश करते हैं, तो फिर ‘come back’ नहीं है| ये दोनों महामृत्यु हैं
ये दोनों बड़े ही अनूठे ढंग से आपका क़त्ल करेंगे| एक पहले लतीफ़ा और लच्छेदार बातें सुना कर आपको हँसाएगा, गुदगुदी लगेगा, हँसाते-हंसाते आपको बेसुध कर देगा| जब आप हँसते-हँसते बेहोश हो कर गिर जाएँगे, तब तर्क की दोधारी तलवार से आप का गला रेत दिया जाएगा| एक बूंद भी शोणित नहीं बहेगा और आप का काम तमाम हो जाएगा| दूसरा, आपको लतीफ़ा तो नहीं सुनाएगा, लेकिन बात ही इनती अनोखी बोलेगा कि सुन कर आपको हंसी आएगी| लेकिन क्या आपको हंसने दिया जाएगा? जी नहीं आपको हंसने नहीं दिया जाएगा| “Sir, please don’t laugh, don’t waste your energy.” ऐसा बोल कर आपको चुप कर दिया जाएगा| लेकिन कितनी देर कोई हंसी रोक कर बैठ सकता है? किसी भी चीज़ की एक सीमा होती है| आप का दम घुटने लगेगा, आपके प्राण शरीर छोड़ने के लिए छटपटाएंगे| जल्दी ही आप उस पॉइंट पर पहुँच जाएँगे, जहाँ एक और लतीफ़े जैसी बातअगर आपको सुनाई गई, और हंसने नहीं दिया गया, तो तक्षण आप पूरे हो जाएँगे| लेकिन आप उस क्षण इस घुटन भरी जिंदगी से मर जाना ज्यादा उचित समझेंगे| आपको अपने मरने का ग़म नहीं होगा| आपको बेसब्री से इंतजार कर  रहे होंगे एक और लतीफ़े जैसी बातकी..., आप चाह रहे होंगे हैं कि एक और लतीफ़ा आपको सुनाया जाए...., और आपको इस घुटन से..., इस देह की बोझ से मुक्ति मिल जाए| ताकि आप स्वर्ग में खुल कर हंस सके| लेकिन तभी कहानी में ट्विस्ट की तरह आपसे एक यक्ष प्रश्न पूछा जाएगा| प्रश्न सुनकर आप हंसी भूल जाएँगे| अब दांत निपोड़ने के बजाए, आप अपना सिर खुजाने लगेंगे| आपको सिर खुजाते देख कर, आपसे एक और यक्ष प्रश्न पूछा जाएगा| फिर आपको दाढ़ी में खुजली होने लगेगी| आपको अपनी दाढ़ी खुजाता देख कर, आप से तीसरा सवाल पूछा जाएगा| अब आपको पीठ में खुजली होने लगेगी| फिर चौथा प्रश्न, फिर पांचवा, फिर छठा, एक के बाद एक प्रश्नों की बमबारी शुरू हो जाएगी| अब, आपके पूरे शरीर में खुजली का भयंकर उत्पात मचेगा| सिर से लेकर पैर तक कोई ऐसा अंग नहीं बचेगा जहाँ आपको खुजली नहीं हो रही होगी| एक ऐसी घनघोर खुजली मचेगी, जिसकी आपने कभी सपनो में भी परिकल्पना नहीं की होगी| काश उस वक़्त आपके पास दस हाथ होते! लेकिन यह तो काशहै, हकीकत यह है कि आपके पास सिर्फ दो ही हाथ है| और दो कमज़ोर हाथों से आप कितना खुजा सकते हैं....? आपको अफ़सोस होगा कि आज ही आपने नाखून क्यूँ कटा था? आप सोचेंगे, 'आज अगर नाख़ून बड़े होते तो अच्छे से खुजा पता'| किसी से आप मदद भी नहीं मांग पाएँगे, क्योंकि आपका पड़ोसी भी आपनी खुजली शांत करने में व्यस्त होगा| पहले से पता होता, तो घर से खुजली की कोई दवाई, लेकर आये होते, लेकिन अब इस वक्त इस निर्जन में क्या उपाय करे कोई? अरे पहले पता होता तो आप आते ही नहीं, लेकिन अब क्या हो सकता है? खुजली का भयंकर उत्पात परमाणु के विस्फोट की तरह एक से तीन, तीन से 9 और फिर 9 से अनंत की तरफ बढ़ता ही चला जाएगा| अंत में कुछ खुलजी और कुछ खुलजी को ना खुजा पाने की खुजली की वजह से, मौके पर ही आप टें बोल देंगे| और किसी को कानो-कान ख़बर नहीं होगी कि आप खुजली से मरे|  "वो क़त्ल कर के मुझे हर किसी से पूछते हैं, ये काम किस ने किया है, ये काम किस का था " |  फिर घटेगा चमत्कारों का चमत्कार, मर कर आप पाएँगे कि जीतेजी जिन यक्ष प्रश्नों को सुन कर सिर खुजा रहे थे, मरते ही उन सारे प्रश्नों का आपको हल मिल गया| लेकिन अब इस ज्ञान का क्या फायदा? क्या बरसा जब कृषि सुखाने? 
“She murmured that I was very strange, that she undoubtedly loved me for that very reason, but that one day she might find me repulsive, for the some reason.” –The outsider
इन सात और दो नौ, लोगों से अगर आप ख़ुद को बचा लेते हैं, तो आप हमेशा सेफ है, फिर कोई माई-का-लाल आपको आपके नर्क से खीच कर बाहर नहीं ला सकता है| फिर आराम से नौकरी कीजिये, पैसा कमाइए, घर बनाइये, नाम कमाइये, जो मन में आये वो कीजिये, जिंदगी अपनी है, मौज जीते से रहिए| बस इन कुल-सोधनोंसे बचिए| अगर आपको रस्ते में सांप और इन दोनों में कोई एक साथ दिख जाएँ, तो पहले इनको मारिये, सांप का काटा तो बच भी सकता है, लेकिन इनका काटा हुआ, बिना पानी मांगे ही दम तोड़ देता है|  जैसे शंकर ने कहा था भज गोविन्दं मूढ़मते, उसी तरह मैं आप से कहना चाहता हूँ, बच इन दोनों से मूढ़मते, बच| इनसे अगर जान बच गई, तो जीने के लाखो उपाय कर लेंगे| फिर तो, सौ-सौ जूते खाएँगे, मगर तमाशा घुस कर देखेंगे| 
“The first few days she was at the old people’s home, she often cried. But that was because her routine had changed. After a few months, she would have cried if she’d been taken out of the home. For the same reason.” – The outsider


जा जा रे अपने मंदिरवा

दोपहर के साढ़े तीन बजने वाले हैं। फ़िल्टर कॉफ़ी के साथ अपने राइटिंग टेबल पर आ गया हूँ। लैपटॉप के स्पीकर पर रवि शंकर सितार बजा रहे हैं। १९५८ ...