17-Oct. 2019 (Mehsana Aashram)
अनिरंतरता को छोड़ कर जीवन में कुछ भी निरंतर नहीं है, और मेरा जीवन इसका अपवाद नहीं है| चाहे वह लिखना, पढ़ना, घूमना या फिर फोटोग्राफी करना हो, सब कुछ एक मौसम की तरह जीवन में आता-जाता रहता है| एक मुझे छोड़कर जीवन में सब कुछ परिवर्तनशील है| धर्म-अधर्म, सुख-दुःख सब मन के मेहमान बन कर आते-जाते रहते हैं| शरीर भी अपने धर्म से नित बदल रहा है| बदलाब के इस भयंकर झंझावात में विश्व-साक्षी को छोड़कर सब एक वर्तुल में घूम रहा है|
इसी साल फरवरी में जब मेहसाणा को अलविदा कहा था तब यह सपनों में भी नहीं सोचा था कि इतनी जल्दी फिर से लौट कर इस अंजुमन में आना होगा| आश्रम के गेट पर कदम रखते ही एक शेर, जो राधेश्याम स्वामी जी हर शिविर के अंत के सुनाते हैं, याद आ गई, “यह मय-कदा है ओशो का, हम सब यहाँ के रिंद है, जो जरा-सी पी कर बहक गया, उसे मय-कदे से निकाल दो, यही मय-कदे का निज़ाम है”, इस शेर के साथ ही वो एक बार यह लाइन जरूर दोहराते है, “इस अंजुमन में आपको आना है बार बार दीवार-ओ-दर को गौर से पहचान लीजिये”
मुंबई में करीब महिनाभर बिताने के बाद पांच दिन दाहोद में रहा| और अभी पिछले तीन दिनों से ओशो मनन नियो सन्यास कम्यून, मेहसाणा में हूँ| 2017 के दस जनवरी को, पूरा दो साल दो महीना रहने के बाद, आश्रम छोड़ा था| आश्रम में सबकुछ वैसे ही चल रहा है, जैसे पहले चलता था| थोड़ा-बहुत अगर कुछ बदला भी तो वो इतना गौण है कि उसकी वजह से बदलाब महसूस हो नहीं रहा है| ऐसा लग रहा है, दो साल पहले शतरंज की चाल को जहाँ पर छोड़ गया, वह आज भी वहीं है| एक-दो मोहरे जरूर बदल गए हैं, लेकिन राजा, मंत्री, ऊंट, और घोड़ा अपनी जगह पर ही हैं| वेलकम में घुसते ही अरविन्द स्वामी की और राबिया के पास से गुजरते हुए शिवाजी की बहुत याद आई|
आश्रम में प्रवेश करने के दो घंटे के बाद मैं यह भूल ही गया कि दो साल के लम्बे अन्तराल के बाद यहाँ आया हूँ| अगर रूप के पीछे छिपे अरूप से हम थोड़े-बहुत भी परिचित हों, तो समय के बोध से पूर्णतया मुक्त हुआ जा सकता है| समय, शरीर, मन, सुख, दुःख जीवन, मृत्यु, धर्म, अधर्म, माया, बन्धन, मुक्ति यह सब एक ही चीज़ के अलग-अलग नाम हैं|
आश्रम का पहला दिन इधर-उधर चक्कर लगाने, पुराने मित्रों से मिलने व जय-भगवन के साथ चर्चा करने में बीता| आज का दिन वैसा ही बीता जैसा मैं चाहता था| आश्रम आने से पहले मैंने तय किया था कि I will underplay, वही कर रहा हूँ| सालों बाद नितांत अकेले होने का अवसर मिला है, इस अवसर को मैं निम्बू की तरह नीचोड़ लेना चाहता हूँ| बिल्कुल लोड-फ्री होकर आश्रम में रह रहा हूँ|
मुंबई से समय ने मुझे ऐसे खींचकर अलग किया जैसे आदमी खून चूस रहे जोंक को अपने से अलग करता है| मुंबई का एक महीना बहुत ही सुख और चैन से गुजरा| 7 महीने की लम्बी यात्रा के बाद मैं जैसा समय बिताना चाह रहा था, वैसा मुंबई में रहते संभव हो पाया| सुस्त-सुस्त सा दिन, लम्बी राते, समंदर की ठंडी हवा, शाम को सर के साथ टहलना, फिल्म देखने जाना, बाज़-औक़ात सर, भाभी या फिर मुकेश जी के साथ ब्रह्म-चर्चा कर लेना, मेरे थके शरीर और यात्रा से ऊबे मन के लिए स्वाति की बूंदों जैसा था|
जोंक को अपने शरीर से अलग करने के बाद आदमी उसके मुंह पर नमक या तम्बाकू का पानी रख देता है| उस नमक के बाद जोंक खून की उलटी करके मर जाता है| लेकिन, समय ने मेरे साथ ऐसी बेरहमी नहीं की, उसने मुंबई से अलग करने के बाद मेरे मुंह पर शहद रख दिया| मुंबई से दाहोद आते समय वरोदरा स्टेशन पर स्वामी Atmo Govind Indachi से मिलना सडन सतोरी जैसा था| उस झटके से उबरने में मुझे काफी वक्त लगा| आत्मो का स्टेशन पर आना जितना अप्रत्यासित था, उनता ही उनका मेरे लिए थर्मस में भरकर चाय, सेब, और मेरे लिए कपड़े लाना था| अगर कुछ नोन था तो वो जाने से पहले उनका सेल्फी लेना| इस तरह से स्टेशन पर आकर इतने भावपूर्ण होकर मिलना आत्मो जैसे भक्त-हृदय व्यक्ति के लिए ही संभव है| अध्यात्म की दृष्टि से साधकों के दो प्रकार हैं- एक वे जिनका बेसिक मन बनिये का है, लेकिन लगे वे ध्यान, योग और भक्ति साधना में हैं| दूसरा वे जिनक बेसिक मन अध्यात्मिक हैं, लेकिन वे लगे हैं सांसारिक जोड़-घटाओ करने में| आत्मो दूसरे प्रकार में आते हैं| आत्मो आश्रम ना रहते हुए भी सदा आश्रम में हैं| मैं उनके दूकान पर भी गया हूँ, उन्होंने अपने दुकान और घर सब को आश्रम बना रखा है| और मैं ऐसे भी बहुत से लोगों को जानता हूँ, जिन्होंने आश्रम में दूकान सजा रखी है|
मेहसाणा पहुँच कर बिना मोबाइल फ़ोन के राव साहब और भक्त राज के साथ वार्टर पार्क वाले सीसीडी पर चार घंटे तक कॉफ़ी पर चर्चा करना बहुत ही पारलौकिक रहा है| दाहोद में मास्टर उगवे के साथ और रनत महल में स्वामी Ketan Raval के साथ बिताए गए पल और ब्रह्म-चर्चा बहुत ही आल्हादकारी रहा| स्वामी Anand Magan जी के यहाँ का भोजन इतना तृप्तिदायक था कि नाभि से सहज ही 'अन्नं ब्रह्म-अन्नम ब्रह्म' की नाद उठने लगता था| केतन स्वामी के हाथ की खिचड़ी भी अभूतपूर्व थी| दाहोद के गुलाब जामुन का स्वाद मैं अभी भी अपने मुंह में महसूस कर सकता हूँ| मास्टर उगवे के साथ बाऊका तंत्र मंदिर और काली डैम पर बिताया गया समय भी ज़ेहन पर अमिट छाप छोड़ गया है| सुबह उठकर सात बंगले तक टहलने जाना और फिर लौट कर बीरबल चाय वाले के यहाँ पेड़ के नीचे बैठ कर मास्टर उगवे और उनके दोस्तों के बीच हो रही खुशगप्पियों की नशिस्त का मौन दर्शक बनने का अनुभव भी बहुत ही मजे का था|
कल सुबह आश्रम आने से पहले भक्त राज और राव साहब के साथ ‘बर्ड फोटोग्राफी’ भी काफी एन्जॉय किया| मेहसाना में जैसे भक्त राज, राव साहब और मेरी जोड़ी बनती है, वैसे ही मुंबई में सर, मुकेश जी, और मेरी जोड़ी बन गई थी| और दाहोद में जब मास्टर उगवे, स्वामी आनंद मगन हम एक ही बाइक पर बैठ कर रतनमहल जा रहे थे, तब मुझे राव साहब और भक्त राज के साथ की गई गोवा की ट्रिपलिंग याद आ गई| भक्त राज हमारी जोड़ी को ‘त्रिफला’ बुलाते हैं|
मेहसाणा से निकल कर मेरा भोपाल जाने का प्लान था, लेकिन अभी यहाँ इतना मजा आ रहा है कि भोपला जाने का प्लान मैंने टाल दिया है|

No comments:
Post a Comment